रायपुर। राजधानी में रिटायर्ड वन सेवा के अधिकारी से ठग ने आनलाइन ठगी की है। 2014 में रिटायर्ड रायपुर के धर्मपुरा कालोनी निवासी अजय कुमार सिंह से बैंक केवाइसी बदलने के नाम पर भारतीय स्टेट बैंक खाते से 1 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिया। अजय कुमार सिंह माना पुलिस को बताया कि तीन बार में खाते से पैसा निकाला गया है। माना थाने में पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है और जिस काल नंबर से केवाई अपडेट कराने की काल आई थी उससे आरोपित का पता लगाने में जुटी है।
राजधानी में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी करने वाले ओडिशा से गिरफ्तार
राजधानी में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी करने वाले ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। देवेंद्र नगर थाना इलाके का मामला। 18 दिसंबर की रात नकाबपोश बदमाशों ने एक बार फिर ज्वेलरी दुकान को अपना निशाना बनाया था। पंडरी मंडी गेट स्थित मुख्य सड़क पर मौजूद कृष्णा ज्वेलरी की दुकान के शटर को अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर 15 लाख रुपये के गहने पार कर दिए। मामले में पुलिस को कई अहम सुराग मिले थे। इसके आधार पर जांच की गई।
बगल में बन रहे मकान के बांस से छत तक पहुंचे थे अंदर
दुकान मुख्य सड़क से लगी हुई थी। बाहर से शटर बंद था। चोर बगल में बन रहे घर में लगी बांस-बल्ली के सहारे छत पर गए। इसके बाद छलांग लगाकर प्लाजा की छत में आए और सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरे। दुकान के शटर को ताला तोड़ा इसके बाद कांच के गेट को भी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे।