जगदलपुर)। बस्तर को यदि प्रदेश की
सत्ता की चाबी माना जाता है तो मंगलवार को विधानसभा के पहले चरण के चुनाव
में बस्तर की 12 सीटों पर सत्ता की चाबी मतदाताओं ने इवीएम में कैद कर दी।
दक्षिण बस्तर में इक्का-दुक्का जगहों पर नक्सली उत्पात एवं दहशत के बीच
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। संभाग में औसत 67.58 प्रतिशत
मतदान (संभावित) दर्ज किया गया। दक्षिण-पश्चिम बस्तर से कुछ मतदान दलों की
वापसी देर शाम समाचार लिखे जाने तक नहीं हुई थी। सभी दलों के लौटने के बाद
मतदान के प्रतिशत आंशिक वृद्धि हो सकती है। चुनावी परिणाम चाहे किसी भी
प्रत्याशी व पार्टी के पक्ष में हो, जीत लोकतंत्र की हुई है। बस्तर में
गनतंत्र पर लोकतंत्र ने एक बार फिर विजय पा ली है।
उत्तर बस्तर की सीटों अंतागढ़,भानुप्रपातपुर, कांकेर, कोंडागांव व
केशकाल में मतदान का प्रतिशत न्यूनतम अंतागढ़ में 70.72 फीसद और सर्वाधिक
79.10 फीसद भानुप्रपातपुर में दर्ज किया गया। इसके मुकाबले दक्षिण बस्तर की
तीन सीटों बीजापुर, दंतेवाड़ा व सुकमा में इस बार कम मतदान हुआ। बीजापुर
में 40.98 फीसद और दंतेवाड़ा में 62.55 फीसद मतदान होने की खबर थी। संभाग
की 12 सीटों में से 2013 के चुनाव में हुए मतदान की तुलना में इस बार लगभग
दो फीसद की कमी आई है। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा बल के लगभग
एक लाख जवानों को मोर्चे पर लगाया गया था। हवा से लेकर जमीन तक से सुरक्षा
व्यवस्था पर नजर रखी गई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आसमान से हेलीकाप्टर
से निगरानी की गई।
सुबह शाम तेज दोपहर में धीमा रहा मतदान
संभाग की तीन सीटों जगदलपुर, बस्तर और चित्रकोट में सुबह आठ बजे से शाम
पांच बजे तक और शेष नौ सीटों पर सात बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय मतदान
के लिए निर्धारित था। मतदान के लिए 12 सीटों में कुल 2974 मतदान केंद्र
बनाए गए थे। सामान्य क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं
की भीड़ उमड़ने लगी थी। युवा से लेकर बुजुर्ग सभी वर्ग के मतदाताओं में
मतदान करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुबह शाम तेज मतदान हुआ जबकि
दोपहर में मतदान की गति कुछ धीमी रही। अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में
नक्सली धमकी से बिना भयभीत हुए लोग मतदान के लिए घरों से बाहर निकले और
मतदान कर गनतंत्र को करारा जवाब दिया। हर बार की तरह इस बार भी ग्रामीण
क्षेत्रों की अपेक्षा शहरी क्षेत्रोें में कम मतदान हुआ।
कहां कितना मतदान
01- अंतागढ़- 70.72
02- भानुप्रपातपुर- 79.10
03- कांकेर- 76.13
04- केशकाल- 74.49
05- कोंडागांव- 76.29
06- नारायणपुर- 63.88
07- बस्तर- 71.39
08- जगदलपुर- 75.10
09- चित्रकोट- 70.36
10- दंतेवाड़ा- 62.55
11- बीजापुर- 40.98
12- कोंटा- 50.12